रिज मैदान में मारपीट का वीडियो वायरल, सात गिरफ्तार
शिमला, 11 सितंबर (हि.स.)। राजधानी शिमला के प्रसिद्ध रिज मैदान में शुक्रवार को कुछ लोगों द्वारा एक व्यक्ति के साथ मारपीट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस थाना सदर शिमला ने मामले में संलिप्त सभी सात लोगों को हिमाचल प्रदेश पुलिस अधिनियम की निवारक धाराओं के तहत गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार इन लोगों के कारण कानून-व्यवस्था और लोक शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए नियमानुसार निवारक कार्रवाई की गई है। मामले की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मारपीट में शामिल दोनों पक्ष टैक्सी चालक हैं। उनके बीच सवारी को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते दोनों पक्ष रिज मैदान में आपस में भिड़ गए।
घटना के दौरान एक व्यक्ति के साथ मारपीट की गई। इसका वीडियो किसी व्यक्ति ने बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हुआ। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की और घटना में शामिल सभी सात लोगों को गिरफ्तार किया।
रिज मैदान शिमला का प्रमुख पर्यटन स्थल है और यहां दिनभर बड़ी संख्या में पर्यटक मौजूद रहते हैं। घटना के समय भी रिज मैदान में पर्यटकों की मौजूदगी थी। दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने से वहां मौजूद पर्यटक सहम गए। रिज मैदान और आसपास के क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की तैनाती भी रहती है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मामले में नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आए सवारी को लेकर पुराने विवाद के पहलू को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

