दादी के प्रेमी ने नाबालिग से किया दुष्कर्म, चुप रहने के लिए दी जाती थी रिश्वत, महिला भी गिरफ्तार
कोलकाता, 10 मई (हि.स.) । उत्तर 24 परगना जिले के बगदा थाना अंतर्गत बलिदा पुकुर इलाके में एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म और शारीरिक शोषण का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की दादी के प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उस वृद्ध महिला को भी हिरासत में लिया गया है, जिस पर आरोप है कि वह चुप रहने के बदले पैसे स्वीकार कर रही थी।
पीड़िता लंबे समय से अपनी दादी शेफाली सरकार के साथ रह रही थी। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शेफाली सरकार का हीरामोहन विश्वास नामक एक व्यक्ति से प्रेम संबंध था, जो अक्सर उनके घर आता-जाता था। उसी दौरान उसकी नजर नाबालिग पर पड़ी। बताया जा रहा है कि वह उसे स्कूल और अन्य जगहों पर भी ले जाता था, इसी बहाने वह नाबालिग के संपर्क में आया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपित ने कई बार नाबालिग का शारीरिक शोषण किया। पीड़िता को किसी से कुछ न कहने की धमकी दी गई थी। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपित महिला यानी पीड़िता की दादी को भी चुप रहने के लिए पैसे दिए जाते थे। आरोप है कि महिला ने रिश्वत लेकर इस घिनौने कृत्य पर चुप्पी साध ली।
शनिवार सुबह फिर से नाबालिग के साथ अत्याचार किया गया, जिसके बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने पीड़िता को रक्तरहित अवस्था में देख तुरंत बगदा अस्पताल में भर्ती कराया और पुलिस को सूचित किया।
बगदा थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने गुनाह कबूल कर लिए हैं। शनिवार को दोनों को बनगां महकमा अदालत में पेश किया गया। नाबालिग की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
इस घटना से पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है। स्थानीय लोगों ने दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर