बलरामपुर : टांगी-डंडे से मारपीट करने वाले तीन आरोपित गिरफ्तार
खेत की जुताई को लेकर हुआ विवाद, एक व्यक्ति गंभीर घायल, हथियार भी जब्त
बलरामपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बुढाबगीचा में खेत की जुताई को लेकर हुए विवाद में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आज बुधवार आरोपितों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। घटना में प्रयुक्त टांगी और डंडा भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी प्रवीण रावत ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि, बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे वह ट्रैक्टर से बाड़ी की जुताई कर रहा था। इसी दौरान कमलपति सार्थी ने जुताई करने से मना किया। इसे लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि कुछ देर बाद सुखसागर उर्फ कमाडो सार्थी, कुरलू उर्फ रमेश सार्थी और कमलपति सार्थी डंडा और टांगी लेकर पहुंचे तथा प्रवीण के पिता देवराज, माता श्यामपति और भाइयों राम व अनुराग के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। हमले में देवराज के सिर पर टांगी लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
मामले में थाना राजपुर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(2), 115(2), 109(1) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। साक्ष्यों और आरोपितों के बयान के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त टांगी और डंडा जब्त कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

