दो वर्ष के पुत्र को सड़क किनारे छोड़कर पिता फरार
मोरीगांव (असम), 16 अक्टूबर (हिस.)। मोरीगांव जिले में एक पत्थर दिल पिता का हृदयविदारक कृत्य सामने आया है। शुक्रवार को पुलिस सूत्रों ने बताया कि बीती रात अंधेरे में सड़क के किनारे लगभग अपने दो वर्ष के पुत्र को छोड़ कर एक व्यक्ति फरार हो गया। घटना के अनुसार मोरीगांव सदर थाना के अंतर्गत भोगदला गांव में स्थानीय कुछ युवकों ने बीती रात लगभग 9 बजे रोते-रोते रास्ते में झिलमिलाती हुई रोशनी में एक बच्चे को देखा। बच्चे से पूछताछ करने पर उसने बताया कि उसके पिता ने रास्ते में छोड़ दिया है। बाद में युवकों ने बच्चे की पहचान कर उसे छोड़े गए स्थान के पास स्थित पिता के घर ले गए, हालांकि पिता ने घर में बच्चे को रखने से मना कर दिया।
कई युवकों ने स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को पुलिस स्टेशन पहुंचाया। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए बच्चे को अपने पास रखा और पिता की तलाश शुरू कर दी। पुलिस के आने की खबर पाकर बच्चे के पिता ने घर के पीछे वाले दरवाजे से फरार हो गया। बच्चे के पिता, मणि नाथ, मिकिर गांव के एक मोटर साइकिल मैकेनिक हैं। लगभग तीन-चार महीने पहले मणि ने अपनी दूसरी शादी की थी और अपनी पूर्व पत्नी और बच्चे की मां का उत्पीड़न करके उसे घर से निकाल दिया था। जीवन यापन के लिए बच्चे की मां काम के सिलसिले में दूसरे राज्य में है। पुलिस बच्चे को अपने पास रखे हुए है। साथ ही मामले में आगे की कार्रवाई जारी रखे हुए है।
हिन्दुस्थान समाचार / असरार अंसारी

