दुलियाजान ट्रिपल मर्डर कांड : आरोपितों काे लेकर अपराध स्थल पर पहुंची पुलिस
डिब्रूगढ़ (असम), 19 नवंबर (हि.स.)। असम के दुलियाजान में गुरुवार को बहुचर्चित ट्रिपल मर्डर मामले के अपराध स्थल का पुनर्निर्माण (क्राइम सीन रिक्रिएशन) किए जाने के दौरान लोगों और मृतकों के परिजनों का आक्रोश देखने को मिला। पुलिस जब इस प्रक्रिया के लिए दोनों आरोपितों राजू दास और अमीर दास को घटनास्थल पर लेकर पहुंची, तो वहां बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे।
इस दौरान आक्रोशित लोगों ने आरोपितों के एनकाउंटर की मांग करते हुए कहा कि ऐसे हत्यारों को जिंदा रहने का कोई अधिकार नहीं है। कुछ लोगों ने कहा कि या तो पुलिस आरोपितों का एनकाउंटर करे या फिर उन्हें जनता के हवाले कर दिया जाए।
उल्लेखनीय है कि, दुलियाजान के सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड की जांच के तहत पुलिस गुरुवार को घटनास्थल पर क्राइम सीन रिक्रिएशन कर रही है। इसके लिए पुलिस ने प्रतीकात्मक पुतलों की भी व्यवस्था की है। दोनों आरोपितों को घटनास्थल पर ले जाकर पुलिस वारदात के पूरे घटनाक्रम को दोबारा समझने और हत्या से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने का प्रयास कर रही है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

