फर्जी हाईस्कूल का सर्टिफिकेट बेचने के आरोप में तीन आरोपित गिरफ्तार
गुवाहाटी, 27 नवंबर (हि.स.)। कक्षा 10 की फर्जी सर्टिफिकेट बेचने के आरोप में तीन आरोपित को असम पुलिस की अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने गिरफ्तार किया है।
असम पुलिस मुख्यालय ने शुक्रवार काे बताया कि इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। कक्षा 10वीं का फर्जी सर्टिफिकेट काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) का बताया जा रहा है। परीक्षा दस्तावेजों में कथित तौर पर गलत जानकारी देने और उन्हें फर्जी तरीके से तैयार करने की शिकायत पर सीआईडी थाने में केस दर्ज किया गया है।
मामले में गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोरीगांव जिला निवासी तथा जागीरोड में रह रहे भरत गौर, बरपेटा जिला निवासी दीप कुमार सरकार और अभयापुरी निवासी उत्पल दास के रूप में की गयी है। तीनों पर पैसे लेकर कक्षा 10वीं के फर्जी पास सर्टिफिकेट बेचने का आरोप है। सीआईडी तीनों से गहन पूछताछ कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

