कोकराझाड़ में दो आदिवासी नाबालिग लड़कियों की दुष्कर्म के बाद हत्या, तालाब से मिले शव
कोकराझाड़, 22 मई (हि.स.)। असम के कोकराझाड़ जिले से मानवता को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जिले में दो आदिवासी नाबालिग लड़कियों के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने के बाद उनकी हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह दोनों लड़कियों के शव एक तालाब से बरामद किए गए, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार, दोनों किशोरियां रोज की तरह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान रास्ते में दो लोगों ने उन्हें कथित तौर पर अगवा कर लिया और उनके साथ जघन्य अपराध को अंजाम दिया। बाद में आरोपितों ने सबूत मिटाने की नीयत से दोनों लड़कियों की हत्या कर शव तालाब में फेंक दिए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। लोगों में इस घटना को लेकर भारी गुस्सा देखा गया। ग्रामीणों ने आरोपितों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई और फास्ट ट्रैक अदालत में मुकदमा चलाने की मांग की है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों की पहचान गोलाम मोस्तफा, जो नितुल चाय बागान का प्रबंधक बताया जा रहा है और एजाहान अली के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों को कानून के तहत सख्त सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

