सकतपुर थाने के एएसआई समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित, अवैध पिस्टल से चली थी गोली!
दरभंगा, 12 नवंबर (हि.स.)। जिले के सकतपुर थाना में एएसआई रणधीर कुमार को गोली लगने के मामले में पुलिस की जांच ने पूरे घटनाक्रम को नया मोड़ दे दिया है। जिस घटना को शुरुआत में अज्ञात हमलावर द्वारा गोली मारने का मामला बताया गया था, वह जांच में गलत निकला।
पुलिस के अनुसार, एएसआई को अपनी ही अवैध पिस्टल से अचानक गोली लगी थी। मामले में अब एएसआई समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि दो गृह रक्षकों के विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई की अनुशंसा की गई है।
पुलिस जांच के अनुसार, 5 नवंबर को करीब 14:45 से 15:00 बजे के बीच एएसआई रणधीर कुमार दिवा गश्ती के बाद प्रतिनियुक्त बल के साथ लौट रहे थे। इसी दौरान सरकारी पिस्टल के अतिरिक्त उनके पास रखी दूसरी अवैध पिस्टल से अचानक गोली चल गई। गोली उनके बाएं पैर में घुटने के नीचे आर-पार हो गई और पुलिस वाहन के गेट में जाकर फंस गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अंचल पुलिस निरीक्षक बहेरा एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बेनीपुर के नेतृत्व में विस्तृत जांच की गई। सीसीटीवी फुटेज, टावर लोकेशन, पुलिस वाहन के जीपीएस, घटनास्थल के सत्यापन तथा पुलिसकर्मियों एवं गवाहों के बयानों का बारीकी से विश्लेषण किया गया। एफएसएल टीम ने पुलिस वाहन के गेट में फंसी गोली बरामद की। साथ ही थाना परिसर में छिपाकर रखी गई अवैध देसी पिस्टल भी बरामद कर जब्त की गई।
जांच में तथ्यों को छिपाने और अवैध हथियार रखने के आरोप में एएसआई रणधीर कुमार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें निलंबित कर दिया गया है। फिलहाल वह डीएमसीएच दरभंगा में इलाजरत हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी की प्रक्रिया में जुटी है।
वहीं, घटना के दिन गश्ती दल में शामिल चालक सिपाही निलेश कुमार और महिला सिपाही मधु कुमारी को भी पूछताछ के दौरान तथ्य छिपाने के आरोप में निलंबित किया गया है। गृह रक्षक लक्ष्मण पासवान एवं महिला गृह रक्षक चंदन कुमारी के विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को अनुशंसा भेजी गई है। गश्ती दल में शामिल अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

