home page

गश्ती के दौरान एसआई रंधीर कुमार को लगी गोली, मची अफरातफरी

 | 
गश्ती के दौरान एसआई रंधीर कुमार को लगी गोली, मची अफरातफरी


दरभंगा, 05 नवंबर (हि.स.)।

जिले के सकतपुर थाना क्षेत्र के उजान पंचायत अंतर्गत छिन्नमस्तिका स्थान से कुछ दूरी पर गुरुवार को गश्ती के दौरान सहायक अवर निरीक्षक (एसआई) रंधीर कुमार को गोली लग गई। घटना पाठक पोखर अमताही-लालपुर के समीप झाड़ी में दोपहर करीब 3 बजे हुई। गोली उनके बाएं पैर में लगी और आर-पार हो गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में अफरातफरी मच गई।

मिली जानकारी के अनुसार, एसआई रंधीर कुमार पुलिस टीम के साथ इलाके में गश्ती कर रहे थे। इसी दौरान तालाब के समीप झाड़ी में अचानक उनके बाएं पैर में गोली लग गई। गोली कहां से चली और किस परिस्थिति में लगी, फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है। बताया जाता है कि गश्ती दल में शामिल अन्य पुलिसकर्मियों को गोली चलने की आवाज तक सुनाई नहीं दी।

घायल ASI को साथ रहे पुलिसकर्मियों ने तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तारडीह पहुंचाया। वहां प्रभारी चिकित्सक डॉ. सुमंत कुमार सिंह ने प्राथमिक उपचार किया। उन्होंने बताया कि गोली बाएं पैर को आर-पार कर गई है। बेहतर इलाज के लिए उन्हें दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही सकतपुर थानाध्यक्ष (प्रभारी ) मधुलता कुमारी घटनास्थल पर पहुंचीं। बेनीपुर थानाध्यक्ष पंकज कुमार, बाजितपुर थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। क्राइम सीन टेप लगाकर आसपास के इलाके की छानबीन की जा रही है।

इधर, सकतपुर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि बहन के मांगलिक कार्यक्रम के कारण बुधवार को अवकाश लेकर घर आए हुए थे। उन्हें घटना की जानकारी मिली है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

गश्ती के दौरान पुलिस अधिकारी को गोली लगना कई सवाल खड़े कर रहा है। गोली किसने चलाई, क्या यह किसी बाहरी व्यक्ति की गोली थी अथवा किसी अन्य परिस्थिति में घटना हुई? पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra