एसआई गोलीकांड: गिरफ्तारी अब तक शून्य, शराब माफियाओं और मुखबिर की भूमिका पर चर्चाएं तेज
दरभंगा, 07 नवंबर (हि.स.)।
जिले के सकतपुर थाना क्षेत्र के उजान गांव में गश्ती के दौरान एसआई रंधीर कुमार को गोली मारने की घटना में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। स्थानीय शराब माफियाओं की संभावित संलिप्तता और पुलिस की गतिविधियों की सूचना अपराधियों तक पहुंचाने वाले किसी मुखबिर की भूमिका को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
इस संबंध में सकतपुर थानाध्यक्ष अरविंदर कुमार से बात करने पर उन्होंने बताया कि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उच्च अधिकारियों की देखरेख में सभी पहलुओं पर तेजी से जांच चल रही है। शराब माफियाओं की संलिप्तता से जुड़े सवाल पर उन्होंने उम्मीद जताई कि एक-दो दिनों में मामले का खुलासा हो सकता है। उनके अनुसार जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है।
हालांकि, अब तक गिरफ्तारी नहीं होने और किसी संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जानकारी सार्वजनिक नहीं होने से स्थानीय स्तर पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। कुछ लोग पुलिस तंत्र के भीतर मुखबिर होने की आशंका जता रहे हैं, तो कुछ का मानना है कि स्थानीय शराब माफियाओं का प्रभाव इतना मजबूत है कि उनकी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना चुनौती बना हुआ है। सोशल मीडिया पर भी रंधीर कुमार की सख्त कार्यशैली से अवैध कारोबारियों के असहज होने की चर्चाएं हैं। इन तमाम आशंकाओं की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
उजान गांव मधुबनी जिले और नेपाल की सीमा के निकट स्थित है। ऐसे सीमावर्ती इलाके में अवैध शराब कारोबार और आपराधिक गतिविधियों की निगरानी पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकती है। ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या हमले के पीछे स्थानीय अवैध कारोबारियों की भूमिका है, क्या पुलिस की गश्ती संबंधी सूचना लीक हुई थी या घटना के पीछे कोई दूसरा कारण है? अब निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं। थानाध्यक्ष ने एक-दो दिनों में खुलासे की उम्मीद जताई है। देखना होगा कि जांच इन चर्चाओं और आशंकाओं में से किन सवालों का जवाब दे पाती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

