एएसआई दस हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार
जयपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। सांगानेर सदर थाने में तैनात सहायक उप निरीक्षक महेश चन्द मीणा को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरूवार को दस हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। आरोपित एएसआई मामले में अनुसंधान अधिकारी था और परिवादी के मामा के नाम की पिकअप छोड़ने तथा सहपरिवादी को प्रकरण में आरोपित नहीं बनाने की एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था। एसीबी ने रिश्वत की राशि आरोपित की पहनी हुई पैंट की जेब से बरामद कर ली।
एसीबी चौकी जयपुर नगर तृतीय के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश नवल ने बताया कि जयपुर नगर तृतीय चौकी को शिकायत मिली थी कि सांगानेर सदर थाने में दर्ज एक प्रकरण के अनुसंधान अधिकारी महेश चन्द मीणा परिवादी के मामा के नाम की पिकअप को छोड़ने और सहपरिवादी को मुल्जिम नहीं बनाने के बदले 20-20 हजार रुपए रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत का सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान आरोपी ने प्रकरण में राजीनामा होने के दस्तावेज मांगते हुए पिकअप छोड़ने और प्रकरण का निस्तारण करने की एवज में 10 हजार रुपए लेना स्वीकार किया और रिश्वत की मांग की।
सत्यापन के बाद एसीबी ने जाल बिछाया और आरोपित एएसआई ने परिवादी एवं सहपरिवादी से प्रकरण में राजीनामे से संबंधित दस्तावेज लिए। इसके बाद सहपरिवादी से पूछताछ की और परिवादी से 10 हजार रुपये की रिश्वत राशि प्राप्त कर अपनी पहनी हुई जींस की जेब में रख ली। इसी दौरान एसीबी टीम ने कार्रवाई करते हुए रिश्वत की पूरी रकम उसकी जेब से बरामद कर ली और उसे गिरफ्तार किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

