मदद के नाम पर चालीस हजार की रिश्वत लेते एएसआई गिरफ्तार
जयपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट के शास्त्री नगर थाने में तैनात सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) हरदेवराम को चालीस हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपित एएसआई परिवादिया के पति के खिलाफ दर्ज मारपीट के मामले में मदद करने और एक व्यक्ति का नाम मुकदमे से हटाने की एवज में रिश्वत मांग रहा था।
एसीबी पुलिस महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि स्पेशल यूनिट जोधपुर को शिकायत मिली थी कि परिवादिया के पति के साथ मारपीट का मामला शास्त्री नगर थाने में दर्ज है। इससे पहले विरोधी पक्ष ने भी परिवादिया के पति व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। दोनों मामलों की जांच एएसआई हरदेवराम कर रहा था। जांच के दौरान आरोपित एएसआई ने परिवादिया के पति के खिलाफ दर्ज मुकदमे में मदद करने तथा उसके साथ गए सुंडाराम का नाम निकालने के नाम पर पहले 5 हजार रुपये ले लिए। बाद में सुंडाराम और अन्य दो लोगों के नाम मुकदमे से हटाने तथा मामले में राहत दिलाने के लिए सीआई के नाम पर 50 हजार रुपये की मांग की। लगातार रिश्वत मांगने से परेशान होकर परिवादिया ने एसीबी से शिकायत की।
शिकायत का सत्यापन कराने के बाद एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश चौधरी के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। जहां एसीबी की टीम ने आरोपित एएसआई को परिवादिया के घर पहुंचकर 40 हजार रुपये की रिश्वत लेकर पैंट की जेब में रखते ही गिरफ्तार किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

