home page

अशोकनगर: महिला किसान साइबर ठगी की शिकार, ऑनलाइन फर्जीवाड़े से 2.24 लाख रुपये उड़ाए

 | 
अशोकनगर: महिला किसान साइबर ठगी की शिकार, ऑनलाइन फर्जीवाड़े से 2.24 लाख रुपये उड़ाए


अशोकनगर, 07 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर पर जनसुनवाई में मंगलवार ईसागढ़ में समर्थन मूल्य पर फसल बेचने वाले किसानों के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी का एक गंभीर मामला सामने आया है। तहसील नईसराय के ग्राम मढ़ी महिद्पुर की एक महिला किसान रवि कुमारी यादव (पत्नी अनंतपाल यादव) की मसूर फसल की राशि 2,24,000 किसी अज्ञात व्यक्ति ने फर्जी खाता खुलवाकर हड़प ली है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर मामले की साइबर जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता रवि कुमारी ने बताया कि उन्होंने दीक्षा वेयरहाउस ईसागढ़ (उपार्जन केंद्र 5) पर अपनी 32 क्विंटल मसूर की फसल 7000 प्रति क्विंटल के भाव से तुलवाई थी। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के दौरान उन्होंने ग्रामीण बैंक महिद्पुर का अपना वैध बैंक खाता नंबर दर्ज कराया था। लेकिन, जब राशि ट्रांसफर होने का समय आया, तो उपार्जन केंद्र और सांठगांठ करने वाले अज्ञात तत्वों ने पीड़िता के खाते में पैसे न डालते हुए, फिनो बैंक की एक छोटी शाखा में रवि बाई के नाम से एक फर्जी खाता खुलवा दिया।

फर्जी खाते से 70,000 भी निकाल लिए

हद तो तब हो गई जब फर्जीवाड़ा करने वाले अज्ञात आरोपी ने पीड़िता की कुल राशि 2,24,000 में से 70,000 की राशि बीते 18 मई को अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए निकाल भी ली। जब पीड़िता को इस बात की भनक लगी, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।

सरकारी उपार्जन केंद्रों पर किसानों के दस्तावेजों के साथ इस तरह का खिलवाड़ और बिना सत्यापन के किसी दूसरे बैंक में फर्जी खाता खुल जाना, कहीं किसी बड़े संगठित गिरोह की ओर तो इशारा नहीं कर रहा? अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में कितनी जल्दी एक्शन लेता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार