home page

अशोकनगर में विद्युत तार चोरी गिरोह का पर्दाफाश, 9 आरोपी गिरफ्तार, 21.50 लाख का माल बरामद

 | 
अशोकनगर में विद्युत तार चोरी गिरोह का पर्दाफाश, 9 आरोपी गिरफ्तार, 21.50 लाख का माल बरामद


अशोकनगर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में बिजली के खंभों से विद्युत तार चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी किए गए विद्युत तार, तार काटने के उपकरण और वारदात में इस्तेमाल बोलेरो कार, बोलेरो पिकअप तथा एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की गई है। बरामद सामग्री की कुल कीमत करीब 21.50 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा ने मंगलवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी रात के समय विद्युत खंभों को निशाना बनाकर तार काटते थे। इसके बाद चोरी किए गए तारों को पिकअप वाहन में भरकर ले जाते थे। पूछताछ में आरोपितों ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में विद्युत तार चोरी की कई घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया है।

विद्युत तार चोरी की शिकायत फरियादी महेश्वर धुर्वे ने थाना सेहराई में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए संदिग्धों की गतिविधियों पर निगरानी शुरू की।

इसी दौरान पुलिस को खिरिया पठारी रोड पर संदिग्धों के संबंध में सूचना मिली। पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनके द्वारा विद्युत खंभों से तार काटकर पिकअप वाहन में ले जाने की जानकारी सामने आई। आरोपितों की निशानदेही पर चोरी का माल, तार काटने के उपकरण और वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन बरामद किए गए।

पुलिस ने मामले में ओमकार लोधी, पुष्पेन्द्र लोधी, तेज सिंह उर्फ दीपेश लोधी, उजागर उर्फ झक्कू लोधी, कुश लोधी, नीतेश जोशी, अरूण जैन, राजेन्द्र साहू और ऋषभ जैन को गिरफ्तार किया है। इनमें पांच आरोपित ललितपुर जिले के जखौरा थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के निवासी हैं, जबकि अन्य आरोपित अशोकनगर जिले के निवासी बताए गए हैं।

प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को विद्युत तार चोरी की कई अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी मिली है। आरोपितों ने चंदेरी थाना क्षेत्र के कुंवरपुर और विक्रमपुर के अलावा पिपरई, बहादुरपुर, कचनार और नईसराय थाना क्षेत्रों में विद्युत तार चोरी की घटनाओं में शामिल होना बताया है।

पुलिस इन सभी घटनाओं में आरोपियों की भूमिका की अलग-अलग जांच कर रही है। साथ ही पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी किए गए तार के नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के दौरान शिवराम सेन निवासी सिरसी, थाना जखौरा की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार वह फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

गिरफ्तार आरोपितों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ और आगे की जांच में विद्युत तार चोरी की अन्य घटनाओं तथा गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार