home page

अशोकनगर: मासूम से दरिंदगी करने वाला जीजा को पुलिस ने जंगल से दबोचा

 | 
अशोकनगर: मासूम से दरिंदगी करने वाला जीजा को पुलिस ने जंगल से दबोचा


अशोकनगर,11 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश में अशोकनगर में थाना कदवाया पुलिस ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म करने वाले कलयुगी जीजा को गुरुवार को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी बेहद शातिर और आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले से ही मध्य प्रदेश और राजस्थान में कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

जंगल की सूनी राह पर की थी दरिंदगी:पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 08 जून को पीडि़ता ने थाना कदवाया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके सगे जीजा शिवकुमार केवट (निवासी भैसरवास) ने जंगल के बीच एक सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 62/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 61(1), 64(2) और 3/4, 5/6 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच में लिया।

एसपी के निर्देश पर 15 घंटे में ऑपरेशन क्लीन:मासूम से जुड़ी इस वारदात को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने आरोपी की त्वरित गिरफ्तारी के लिए विशेष निर्देश दिए। एसपी के मार्गदर्शन में कदवाया पुलिस टीम ने जाल बिछाया और तत्परतापूर्वक कार्रवाई करते हुए महज 15 घंटे के भीतर आरोपी शिवकुमार (उम्र 21 साल), निवासी ग्राम भैंसरवास को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जिला जेल भेज दिया गया है।

राजस्थान तक फैले हैं शातिर आरोपी के गुनाह के पैर:पुलिस जांच में सामने आया है कि पकड़ा गया आरोपी शिवकुमार केवट एक आदतन और शातिर अपराधी है। उस पर पहले से ही कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं थाना कदवाया में मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी,शासकीय कार्य में बाधा, पुलिस पर हमला, बलवा और धमकी। वहीं थाना कालाडेरा (जिला जयपुर, राजस्थान)अपहरण और एससी-एसटी एक्ट) के मामले दर्ज हैं

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार