home page

अशोकनगर: भाभी से ज्यादती करने वाले आरोपितों को पुलिस ने दबोचा

 | 
अशोकनगर: भाभी से ज्यादती करने वाले आरोपितों को पुलिस ने दबोचा


अशोकनगर, 11 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश में अशोकनगर में थाना सेहराई पुलिस ने एक विवाहिता महिला के साथ दुष्कर्म करने वाले मुख्य आरोपी और इस घिनौने कृत्य में उसका साथ देने वाले सहयोगी (पीडि़ता के देवर) को महज 24 घंटे के भीतर गुरुवार को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। दोनों आरोपी इंदौर भागने की फिराक में थे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें धर दबोचा गया।

डरा-धमका कर 15 दिनों तक दबाए रखा राज:मामला रिश्तों को शर्मसार करने और दहशत फैलाने वाला है। दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, घटना 21 मई की है। पीडि़ता घर पर अकेली थी, जिसका फायदा उठाकर उसके चचेरे देवर के मौसी के लडक़े ने उसके साथ दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।शर्मनाक बात यह रही कि इस कृत्य में महिला के चचेरे देवर ने ही मुख्य आरोपी का पूरा सहयोग किया। वारदात के बाद दोनों आरोपियों ने पीडि़ता को जुबान खोलने पर जान से मारने की धमकी दी। इस खौफ के कारण सहमी हुई पीडि़ता तत्काल अपने पति को कुछ नहीं बता सकी।

15 दिन बाद जुटाया साहस, पुलिस ने दिखाई मुस्तैदी:अन्याय के खिलाफ आखिरकार विवाहिता ने 15 दिन बाद हिम्मत जुटाई और अपने पति को आपबीती सुनाई। इसके बाद 10 जून को दोनों सीधे थाना सेहराई पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।

इंदौर भागने की फिराक में थे आरोपी, ऐसे बिछाया जाल:मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी राजीव कुमार मिश्रा ने थाना प्रभारी सेहराई उपनिरीक्षक धर्मेश दांगी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने साक्ष्यों को खंगालना शुरू किया और मुखबिरों को सक्रिय किया। इसी बीच सटीक सूचना मिली कि मुख्य आरोपी ऋषभ कुशवाह और उसका सहयोगी प्रेमनारायण जिला छोडक़र इंदौर भागने की फिराक में हैं और बस या अन्य वाहन का इंतजार कर रहे हैं। बिना वक्त गंवाए, पुलिस टीम ने बताए गए ठिकाने पर दबिश दी और दोनों को चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार