अशोकनगर: बीना-गुना ट्रैक पर रात 2 बजे ट्रेन के आगे कूदकर प्रेमी जोड़े ने की आत्महत्या
अशोकनगर,02 जुलाई(हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात बीना-गुना रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात महिला और पुरुष ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस मृतकों की शिनाख्त में जुट गई है।
वो हटने को तैयार नहीं थे... ड्राइवर की आंखों देखी:देहात थाना प्रभारी भुवनेश्वर शर्मा के मुताबिक, रात करीब 2 बजे जब बीना से गुना की तरफ ट्रेन जा रही थी, तब हिनौतिया-पीपलखेड़ा के पास एक खौफनाक मंजर घटित हुआ। बताया गया कि पोल क्रमांक 1047 के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक-युवती को देखकर ड्राइवर ने लगातार इंजन का तेज हॉर्न बजाया। हॉर्न की आवाज सुनकर दोनों हटने की बजाय सीधे ट्रेन के ट्रैक पर आ गए। ट्रेन की रफ्तार तेज थी, जब तक ब्रेक लगते, दोनों की मौत हो चुकी थी।
सीने पर गुदा है राज: जगपाल-बरखा और दिल का टैटू:मरने वाले इस जोड़े की उम्र 28 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। दोनों कौन हैं, इसका पता अभी नहीं चल पाया है, लेकिन उनके शरीर पर बने कुछ खास निशान अब उनकी पहचान का जरिया बन सकते हैं। टैटू की मिस्ट्री: मृतक महिला के सीने पर गोदना (टैटू) से जगपाल-बरखा नाम लिखा हुआ है। वहीं प्यार का चिन्ह नामों के ठीक बगल में दिल का सिंबल भी बना हुआ है, जो इशारा करता है कि दोनों प्रेमी जोड़ा हो सकते हैं।
देहात पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर लिया है और तफ्तीश में जुटी है। फिलहाल पुलिस ने शवों को शिनाख्त के लिए सुरक्षित रखवा दिया है। अगर आपको इस हुलिए या नाम (जगपाल-बरखा) के किसी लापता जोड़े के बारे में जानकारी है, तो तुरंत नजदीकी देहात थाना पुलिस को सूचित करें। आपकी एक जानकारी इस मिस्ट्री को सुलझा सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

