home page

अशोकनगर में ताला तोड़कर जेवरात चोरी, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

 | 
अशोकनगर में ताला तोड़कर जेवरात चोरी, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार


अशोकनगर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के अशोकनगर में कोतवाली पुलिस ने चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से करीब 45 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, ग्राम बगुल्या निवासी पवन पाल (27) वर्तमान में अशोकनगर की त्रिलोकपुरी कॉलोनी में रह रहे हैं। उन्होंने 25 अक्टूबर को कोतवाली थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि 19 अक्टूबर को वह परिवार सहित कमरे में ताला लगाकर गांव गए थे। 21 अक्टूबर को वापस लौटने पर कमरे से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब मिली। उन्होंने पड़ोसी अभिषेक नामदेव पर चोरी का संदेह जताया था।

पूछताछ में चोरी का खुलासा

पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 673/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए) और 331(4) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देश पर टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा फरियादी और गवाहों के बयान दर्ज किए। संदेही अभिषेक नामदेव से पूछताछ के दौरान पुलिस को चोरी की वारदात के संबंध में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

सोने का ओम और चांदी के आभूषण बरामद

पुलिस ने आरोपित के मेमोरेंडम के आधार पर एक सोने का ओम, एक चांदी का चूड़ा और एक जोड़ी चांदी की चेन बरामद की। जब्त आभूषणों की कुल अनुमानित कीमत 45 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आभूषणों को विधिवत जब्त कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। यह कार्रवाई कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रविप्रताप सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार