home page

अशोकनगर डबल डेथ केस: मौत से पहले वीडियो डिलीट करने की गुहार, ऑडियो से जांच को मिला नया सुराग

 | 
अशोकनगर डबल डेथ केस: मौत से पहले वीडियो डिलीट करने की गुहार, ऑडियो से जांच को मिला नया सुराग


अशोकनगर, 6 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर में इमला मार्ग पर कार के भीतर युवक-युवती की संदिग्ध मौत के मामले में जांच के दौरान नया अहम सुराग सामने आया है। पुलिस को दोनों के बीच मौत से ठीक पहले हुई बातचीत का एक ऑडियो मिला है, जिसमें युवती मुस्कान जैन रोते हुए युवक ऋतिक सोनी से अपने निजी फोटो और वीडियो हटाने की गुहार लगाती सुनाई दे रही है। पुलिस ने इस ऑडियो को जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।

गौरतलब है कि 24 जून की रात सोनी कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय मुस्कान जैन और एफसीआई क्षेत्र निवासी 26 वर्षीय ऋतिक सोनी एक कार में मृत मिले थे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने एसडीओपी विवेक शर्मा के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया था।

जांच के दौरान परिजनों ने पुलिस को दोनों के बीच हुई अंतिम बातचीत का ऑडियो उपलब्ध कराया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बातचीत के दौरान मुस्कान लगातार अपने निजी फोटो और वीडियो डिलीट करने का अनुरोध कर रही थी, जबकि ऋतिक इसके लिए तैयार नहीं था। ऑडियो में युवती की भावुक आवाज और रोने की ध्वनि भी दर्ज है।

पुलिस की विवेचना में यह भी सामने आया है कि घटना से कुछ समय पहले ऋतिक ने कथित तौर पर वे निजी फोटो और वीडियो मुस्कान के परिजनों तथा कुछ परिचितों को भेज दिए थे। जांच एजेंसियों का मानना है कि इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच गंभीर विवाद हुआ, जिसने घटनाक्रम को निर्णायक मोड़ दिया।

हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी किसी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। ऑडियो, डिजिटल साक्ष्यों और अन्य तकनीकी पहलुओं की वैज्ञानिक जांच जारी है। फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मामले में आगे की कार्रवाई और अंतिम निष्कर्ष तय किए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार