home page

अशोकनगर: कट्टे की नोंक पर लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 2.5 लाख के जेवर समेत 2 आरोपी दबोचे

 | 
अशोकनगर: कट्टे की नोंक पर लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 2.5 लाख के जेवर समेत 2 आरोपी दबोचे


अशोकनगर, 2 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर में चंदेरी थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बीते दिनों ग्राम खैरा के पास कट्टे की नोंक पर परिवार को बंधक बनाकर सनसनीखेज लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है।

पुलिस ने मंगलवार को मामले में दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 2.5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के शत-प्रतिशत आभूषण बरामद कर लिए हैं।

यह थी पूरी वारदात (खौफनाक रात की दास्तां)उल्लेखनीय है कि बीते 27 मार्च को छिंदवाड़ा के कुंडीपुरा निवासी फरियादी दीपक (पुत्र कंजू चैरे) ने चंदेरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 26 मार्च की रात करीब 10: 30 बजे वह अपनी पत्नी और बेटी के साथ मोटरसाइकिल से ललितपुर से गूडर जा रहे थे। जैसे ही वे ग्राम खैरा के आगे पुलिया के पास पहुंचे, तभी घात लगाए बैठे तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने कट्टा अड़ाकर उन्हें जबरन रोक लिया। बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देकर महिला के सोने के आभूषण, चांदी की पायल, मोबाइल, बैग, पर्स और नकदी लूट ली और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने तत्काल इस मामले में अपराध क्रमांक 183/2026 पर बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की थी।

ऐसे खुली लूट की परतें, पुलिस की गिरफ्त में आए शातिर:चंदेरी थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम ने जब बारीकी से तफ्तीश शुरू की, तो उनके हाथ महत्वपूर्ण सुराग लगे। पुलिस ने एक अन्य मामले में पुलिस रिमांड पर चल रहे दो आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की। पकड़े गए आरोपी भगोले उर्फ रनवीर (उम्र 25 साल), पिता बृजेन्द्र बुन्देला, निवासी जमुसर (हाल मीट मार्केट चन्देरी), जगदीश (उम्र 30 साल), पिता देवीदिन पटेल (कुर्मी), निवासी ग्राम बैला, थाना पलेरा, जिला टीकमगढ। पुलिसिया पूछताछ के आगे आरोपी ज्यादा देर टिक नहीं सके और उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने तीसरे साथी इंदु बुंदेला के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था।

माल बरामद, तीसरा आरोपी पहले से ही जेल में:आरोपियों की निशानदेही और मेमोरेंडम के आधार पर मुख्य आरोपी भगोले उर्फ रनबीर बुंदेला के कब्जे से लूटा गया शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया गया है। बरामद सामान में सोने का मंगलसूत्र, एक जोड़ी सोने की झुमकी,एक जोड़ी चांदी की पायल (कुल अनुमानित कीमत लगभग 2.5 लाख रुपये) शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि इस सनसनीखेज लूट का तीसरा आरोपी इंदु बुंदेला वर्तमान में किसी अन्य मामले में जेल में बंद है, जिसे जल्द ही इस मामले में भी गिरफ्तार (प्रोडक्शन वारंट पर) किया जाएगा। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी विवेचना जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार