अशोकनगर: आवास योजना की राशि हड़पने बुजुर्ग आदिवासी महिला की हुई निर्मम हत्या
अशोकनगर, 19 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश का अशोकनगर जिले के थाना कदवाया क्षेत्र में हुई बुजुर्ग महिला गोमा बाई आदिवासी की निर्मम हत्या का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया है। हत्या के पीछे आवास योजना की राशि हड़पने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं रक्तरंजित कपड़े जब्त किए हैं।
पुलिस जानकारी अनुसार, शनिवार को फरियादी बल्लू आदिवासी, निवासी ग्राम कदवाया ने थाना कदवाया में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी दादी गोमा बाई आदिवासी की रात में घर के बाहर सोते समय अज्ञात बदमाशों ने सिर पर पत्थरों से हमला कर हत्या कर दी। सूचना पर थाना कदवाया में धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने मृतिका के बैंक खाते, उससे जुड़े मोबाइल नंबर और साइबर तकनीकी साक्ष्यों की गहन जांच की। जांच में सामने आया कि मृतिका के खाते से जुड़ा मोबाइल नंबर ग्राम चाटोली निवासी प्रदीप गुर्जर के उपयोग में था। इसी नंबर से संचालित यूपीआई के माध्यम से मृतिका के खाते में आई राशि 5 एवं 6 जुलाई को प्रदीप गुर्जर के पिता के बैंक खाते में ट्रांसफर की गई थी।
साइबर विश्लेषण, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर घटना के समय प्रदीप गुर्जर और देवीसिंह आदिवासी की घटनास्थल के आसपास मौजूदगी की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने देवीसिंह आदिवासी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथी प्रदीप गुर्जर के साथ मिलकर हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि गोमा बाई को अपने खाते में आई आवास योजना की राशि की जानकारी हो गई थी और वह लगातार आरोपियों से पैसे वापस दिलाने की बात कह रही थीं। इसी कारण दोनों आरोपियों ने उन्हें रास्ते से हटाने की साजिश रची। 17 जुलाई की रात करीब 11:15 बजे दोनों आरोपी आदिवासी बस्ती पहुंचे, जहां गोमा बाई घर के बाहर चबूतरे पर सो रही थीं। आरोपियों ने बड़े पत्थरों से उनके सिर पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपी प्रदीप पुत्र मुलायम सिंह गुर्जर (23 वर्ष), निवासी ग्राम चाटोली तथा देवीसिंह पुत्र कन्हैराम आदिवासी (35 वर्ष), निवासी ग्राम राजगढ़ को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े एवं वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

