अशोकनगर: ढाबे के पीछे नशे का कारोबार! 7 ग्राम स्मैक और 223 इंजेक्शन के साथ एक आरोपित गिरफ्तार
अशोकनगर, 13 नम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने एक बार फिर शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए स्मैक और नशीले इंजेक्शनों की खेप बरामद की है। कोतवाली पुलिस ने गुना रोड स्थित लक्ष्मी ढाबे के पीछे दबिश देकर एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 7 ग्राम स्मैक (हीरोइन) और 223 एबिल इंजेक्शन बरामद किए गए हैं। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 55 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रामपुर मोहल्ला निवासी कालू उर्फ सलीम खान पिता आबिद खान गुना रोड स्थित लक्ष्मी ढाबे के पीछे एक बैग में स्मैक छिपाकर बिक्री के इरादे से बैठा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके बैग से 7 ग्राम स्मैक और 223 एबिल इंजेक्शन बरामद हुए।
पुलिस ने मौके से मादक पदार्थ और इंजेक्शन जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके विरुद्ध कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 720/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 तथा औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम की धारा 18(सी) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। गिरफ्तार आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया।
नशे के नेटवर्क पर पुलिस की नजर:
शहर में स्मैक और इंजेक्शनों की बरामदगी ने एक बार फिर नशे के अवैध कारोबार को लेकर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस की कार्रवाई के बाद अब यह जांच महत्वपूर्ण होगी कि आरोपी इन मादक पदार्थों और इंजेक्शनों की खेप कहां से लेकर आया था तथा इनके जरिए किन लोगों तक नशे की सप्लाई की जानी थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

