अशोकनगर: बकरी विवाद में बहु की हत्या आरोपित जेठ सहित तीन गिरफ्तार
अशोकनगर, 28 अक्टूबर(हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर में जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र में अपनी बकरी के विवाद में बहु की हत्या के अरोपित जेठ सहित सहित पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत के समक्ष पेश किया। पुलिस की इस कार्रवाई से गंभीर अपराधों में त्वरित गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की सक्रियता सामने आई है।
जानकारी के अनुसार 27 अक्टूबर 2026 को ग्राम गोराचक्क निवासी संतराम अहिरवार ने पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कराई कि पुरानी रंजिश को लेकर उसकी मां गायत्री बाई अहिरवार के साथ मारपीट की गई और आरोपियों ने कुल्हाड़ी से उसके सिर पर वार किया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मृत्यु हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने तत्काल थाना बहादुरपुर पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतर सिंह कनेश एवं एसडीओपी मुंगावली ओमप्रकाश मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सीताराम अहिरवार (48), आकाश अहिरवार (25) और काशीबाई अहिरवार (46), सभी निवासी ग्राम गोराचक्क, को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 368/2026 दर्ज कर धारा 103(1), 115(2), 296(बी), 3(5) बीएनएस के तहत विवेचना शुरू की है। पुलिस के अनुसार मामले में एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक नीलम सिंह यादव, उपनिरीक्षक विद्याराम कुशवाह, एएसआई रामनरेश बरूआ, एएसआई रामदयाल नंदा सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

