अशोकनगर: दीपावली से पहले जुए पर वार, 7 पकड़े; 1.45 लाख जब्त
अशोकनगर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में दीपावली के त्योहार से पहले पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बुधावार-गुरुवार की दरम्यानी रात थाना देहात पुलिस ने ग्राम तरावली स्थित चंद्रमौली ढाबे के पीछे दबिश देकर कथित तौर पर संगठित रूप से जुआ खेल रहे 7 आरोपियों को पकड़ा। मौके से 1 लाख 45 हजार नकद और ताश के 52 पत्ते जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन पर हुई इस कार्रवाई को दीपावली के दौरान जुआ और सट्टे पर अंकुश लगाने के अभियान का हिस्सा बताया गया है।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई:पुलिस के मुताबिक, थाना देहात को सूचना मिली थी कि ग्राम तरावली में चंद्रमौली ढाबे के पीछे ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और सात लोगों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों में वृंदावन साहू निवासी शंकरपुर मगरदा, राहुल जैन निवासी बजरिया मोहल्ला, हरिओम रघुवंशी निवासी पठार मोहल्ला, विजय बैनर्जी निवासी पुराना बस स्टैंड, दिलीप धाकड़ निवासी शंकरपुर मगरदा, यशवंत धाकड़ निवासी कलारी मोहल्ला और सौरभ रघुवंशी निवासी गायत्री मंदिर गली शामिल हैं।
जुआ एक्ट के साथ संगठित अपराध की धारा:पुलिस ने थाना देहात में अपराध क्रमांक 595/26 के तहत धारा 13 जुआ एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(1) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की है। पुलिस का कहना है कि दीपावली के दौरान जुआ खेलने, खिलाने और संगठित रूप से जुआ संचालित करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

