अशोकनगर : शराब बिक्री के विरोध में शराब दुकान पर तोड़फोड़, महिलाओं समेत 26 नामजद पर केस
अशोकनगर, 24 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के चंदेरी क्षेत्र में शराब बिक्री के विरोध को लेकर हुए विवाद के बाद लाइसेंसी शराब दुकान में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। चुरारी गांव के पास स्थित शराब दुकान में हुई तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर 22 नामजद सहित चार-पांच अन्य महिला-पुरुषों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। एफआईआर में कई महिलाओं को भी नामजद आरोपी बनाया गया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को क्षेत्र में शराब बिक्री का विरोध करते हुए कुछ महिलाएं और ग्रामीण चुरारी गांव के पास स्थित शराब दुकान पर पहुंचे थे। इसी दौरान वहां विवाद और हंगामे की स्थिति बन गई। आरोप है कि विरोध कर रहे लोगों ने शराब दुकान में तोड़फोड़ कर दी।
दुकान की ओर से भूपेंद्र सिंह यादव ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि प्रदर्शन और विरोध के दौरान दुकान में तोड़फोड़ की गई। दुकान में लगे कैमरों को भी क्षतिग्रस्त किया गया तथा करीब पांच हजार रुपये की नकदी गायब होने की बात कही गई है। शिकायत में दुकान को करीब एक लाख 64 हजार रुपये का नुकसान पहुंचने का भी उल्लेख किया गया है।
मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। नामजद आरोपियों में पुरुषों के साथ कई महिलाओं के नाम भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सुखवती लोधी, उमा भारती, तीतर सिंह अहिरवार, जजिया आदिवासी, पुष्पा, श्यामलाल अहिरवार, रजनी साहू, गुड्डी, ग्याप्रसाद अहिरवार, रामबाई अहिरवार, धनु अहिरवार, जनवेद लोधी, नरेश लोधी, राम सिंह लोधी, भगवान सिंह लोधी, चौहान सिंह, हरि सिंह अहिरवार, बादाम सिंह अहिरवार, जयराम आदिवासी, श्यामलाल अहिरवार, चार्ली यादव, राजकुमार अहिरवार, भरोसा कोली, जोरावर उर्फ नन्ना यादव, संतराम अहिरवार और जगतार अहिरवार सहित अन्य महिला-पुरुषों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में शराब बिक्री को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी थी। इसी के चलते बुधवार को कुछ ग्रामीण और महिलाएं शराब दुकान पर पहुंचे थे। विरोध के दौरान विवाद की स्थिति बनी और बाद में दुकान में तोड़फोड़ किए जाने का आरोप लगाया गया।
घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्यों को जुटाने के साथ ही शिकायत में लगाए गए आरोपों की भी जांच कर रही है। दुकान में लगे कैमरों को नुकसान पहुंचाए जाने और नकदी गायब होने संबंधी आरोपों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे और दुकान को हुए नुकसान तथा नकदी गायब होने के आरोपों की वास्तविक स्थिति क्या है। फिलहाल चुरारी गांव के पास शराब दुकान में हुई तोड़फोड़ का मामला क्षेत्र में चर्चा में है।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

