(अपडेट) अशोकनगरः सडक़ किनारे खड़ी कार में मिले प्रेमी जोड़े के रक्तरंजित शव
अशोकनगर, 25 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर से गुरुवार तडक़े एक ऐसी खौफनाक खबर सामने आई है। शहर से महज 10 किलोमीटर दूर सडक़ किनारे खड़ी एक संदिग्ध कार के भीतर एक युवक और युवती के लहुलुहान शव मिलने से हडक़ंप मच गया है। घटनास्थल पर मिले हथियारों और चोट के निशानों ने इस पूरे मामले को बेहद पेचीदा और रहस्यमयी बना दिया है।
तडक़े 3 बजे पुलिस को मिली सूचना, खुला खौफनाक मंजर:जानकारी के अनुसार, देहात पुलिस को तडक़े करीब 3 बजे सूचना मिली थी कि मुख्य मार्ग से दूर एक संदिग्ध कार काफी देर से सडक़ किनारे खड़ी है। जब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कार के भीतर झांका, तो पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए। कार के अंदर खून से सने दो शव पड़े हुए थे।
क्रूरता की कहानी बयां कर रहे थे निशान:पुलिस के मुताबिक, युवती के गले और पीठ पर किसी धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार किए गए थे, जिससे उसका काफी खून बह चुका था। वहीं, युवक के माथे पर सीधे गोली लगने का गहरा निशान था।
पुलिस ने जब शवों की शिनाख्त की तो मृतकों की पहचान अशोकनगर के ही रहने वाले युवक-युवती के रूप में हुई। मृतक युवक ऋतिक सोनी (26 वर्ष) पुत्र राकेश सोनी इंदौर में अपना कार पार्लर का शोरूम चलाता था। मृतकी युवती मुस्कान जैन (24 वर्ष) पुत्री विवेक जैन (अखाई वाले) एक निजी कंपनी में कार्यरत थी। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि ऋतिक और मुस्कान पिछले 3 सालों से एक-दूसरे के बेहद करीब थे और उनके बीच गहरा प्रेम संबंध था।
कार के अंदर मिला हथियारों का जखीरा:इस दोहरे हत्याकांड या आत्मघाती कदम की मिस्ट्री तब और उलझ गई जब पुलिस ने कार की तलाशी ली। पुलिस को कार के भीतर से एक पिस्टस और एक कुल्हाड़ी जैसा धारदार हथियार बरामद हुआ है। एक ही गाड़ी में गोली मारने और गला रेतने वाले दोनों हथियारों का मिलना कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
पुलिस जांच पर टिकी निगाहें:देहात पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम भी मौके से साक्ष्य जुटा रही है। कॉल डिटेल्स और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। देहात थानास पुलिस प्रभारी भुवनेश शर्मा का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और शुरुआती तकनीकी जांच के बाद ही इस सनसनीखेज मामले की असली सच्चाई सामने आ पाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

