अशोकनगर : मानसिक रूप से बीमार युवक की करोड़ों की जमीन हड़पने का आरोप, कलेक्टर से न्याय की गुहार
नशीला पदार्थ पिलाकर रजिस्ट्री कराने का आरोप, बंधक जमीन की भी बिक्री होने का दावा
अशोकनगर, 7 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर की साप्ताहिक जनसुनवाई में मंगलवार को कथित जमीन हड़पने का एक गंभीर मामला सामने आया। ग्राम खैरई निवासी एक परिवार ने आरोप लगाया कि मानसिक रूप से बीमार युवक की लाचारी का फायदा उठाकर कुछ लोगों ने कथित रूप से नशीला पदार्थ पिलाया और उसकी पैतृक जमीन अपने नाम करा ली। पीड़ित परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
कलेक्टर को दिए गए आवेदन में कमलेश शर्मा और उनकी बुजुर्ग मां ने बताया कि उनके भाई अरविंद शर्मा वर्ष 2024 से मानसिक बीमारी से पीड़ित हैं और उनका उपचार ग्वालियर स्थित मानसिक आरोग्यशाला में चल रहा है।
आवेदन के अनुसार, 5 मई को कुछ लोगों ने अरविंद शर्मा को बहाने से अपने साथ ले जाकर रास्ते में चाय में कथित रूप से नशीला पदार्थ पिला दिया। आरोप है कि उनकी मानसिक स्थिति का लाभ उठाकर ग्राम खैरपुर और खैरई स्थित पैतृक भूमि से जुड़े तीन अलग-अलग विक्रय पत्र अपने पक्ष में पंजीकृत करा लिए गए। परिवार का दावा है कि इसके बदले अरविंद को किसी प्रकार का भुगतान भी नहीं किया गया।
पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि दस्तावेजों की जांच के दौरान पता चला कि जिन जमीनों में से एक का सौदा किया गया, वह वर्ष 2016 से यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में बंधक थी। इसके बावजूद संबंधित भूमि की रजिस्ट्री कर दी गई, जिससे पूरे मामले में अनियमितताओं की आशंका जताई गई है।
परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की राजस्व एवं पुलिस स्तर पर निष्पक्ष जांच कराई जाए, कथित धोखाधड़ी से तैयार कराए गए विक्रय पत्रों को निरस्त किया जाए तथा मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति की संपत्ति हड़पने के आरोपियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।
फिलहाल प्रशासन ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि और आगे की कार्रवाई तय होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

