अशोकनगर: बेटे पर संकट दिखाकर भाजपा नेता की मां से ठगी करने वाला आरोपित उत्तराखण्ड से पकड़ा
अशोकनगर, 30 सितंबर(हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर में बेटे पर संकट आने का डर दिखाकर भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रांजल जैन की मां से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गिरोह के एक मुख्य आरोपी को उत्तराखंड से गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से ठगी के जेवर बेचकर प्राप्त 27.90 लाख नकद और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
एसपी राजीव मिश्रा ने बुधवार को खुलासा कर बताया कि मामला 8 सितंबर 2026 का है। शहर के विवेक टॉकीज के पास 64 वर्षीय अनंतदेवी जैन ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला के मुताबिक कुछ अज्ञात लोगों ने उनके और उनके परिवार के साथ बड़ी अनहोनी होने की बात कहकर उन्हें भयभीत कर दिया। आरोपितों ने बातचीत के दौरान महिला का विश्वास जीत लिया और फिर तंत्र-मंत्र तथा विशेष शक्ति का भय दिखाकर उन्हें अपने जाल में फंसा लिया। डर के चलते महिला ने अपने पहने हुए सोने-चांदी के आभूषण उतारकर आरोपियों को सौंप थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह कोई अकेली वारदात नहीं थी, बल्कि अलग-अलग राज्यों और जिलों में जाकर महिलाओं को निशाना बनाने वाला संगठित अंतरराज्यीय आपराधिक गिरोह था।
गिरोह के सदस्य पहले महिलाओं से बातचीत कर उनके परिवार और निजी जीवन से जुड़ी जानकारी हासिल करते थे। इसके बाद उसी जानकारी को तंत्र-मंत्र अथवा किसी विशेष शक्ति से जोडक़र दोबारा उनके सामने प्रस्तुत किया जाता था। इससे महिला को लगता था कि आरोपी उसके परिवार के बारे में असाधारण जानकारी रखते हैं और वह उनके झांसे में आ जाती थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देश पर पुलिस टीम ने अशोकनगर शहर से लेकर ईसागढ़, चंदेरी और ललितपुर तक के मार्गों पर लगे कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही तकनीकी संसाधनों और होटल रजिस्टरों की मदद से संदिग्ध आरोपियों की पहचान की गई। जांच में रजाकत उर्फ सजाकत, पुत्र जलालुद्दीन खान, गफ्फार, इमरान और शाहजाद के नाम सामने आए। सभी के संबंध उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले से बताए गए हैं।
आरोपितों की तलाश में पुलिस टीमों ने दिल्ली, मेरठ, हरियाणा, ओडिशा और कानपुर सहित विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दी। उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के ठंडानाला गांव में दबिश देकर मुख्य आरोपी सजाकत खान को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार गिरोह के अन्य फरार सदस्यों तथा ठगी के जेवर खरीदने वाले संभावित खरीदारों की तलाश जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

