अशोकनगर: चोरी की मोटरसाइकिल समेत आरोपी गिरफ्तार
अशोकनगर,20 अप्रैल(हि.स.)। मध्यप्रदेश के अशोकनगर में कदवाया पुलिस को सोमवार को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने करीब दो महीने पहले चोरी हुई मोटरसाइकिल बरामद कर आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
क्या था मामला?पुलिस के अनुसार, 13 फरवरी 2026 को ग्राम टोरिया (शिवपुरी) निवासी राजेन्द्र जाटव ने कदवाया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (MP33 ZL4199) किसी अज्ञात चोर ने चोरी कर ली है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी:
एसडीओपी चंदेरी महेश कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में थाना कदवाया ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सूचना मिली कि एक व्यक्ति बिना नंबर की मोटरसाइकिल से खनियाधाना रोड़ की ओर आ रहा है। पुलिस ने तत्काल वाहन चेकिंग शुरू की। संदिग्ध चालक ने पुलिस को देख भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
आरोपी का खुलासा:
पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम दीपक यादव (18 वर्ष), निवासी ग्राम आलम पिपरोदा (शिवपुरी) बताया। वाहन के इंजन और चेसिस नंबर के मिलान से पुष्टि हुई कि यह वही चोरी की गई गाड़ी है। आरोपी का कबूलनामा: पूछताछ में दीपक ने बताया कि 25 नवंबर 2025 को उसे ग्राम कदवाया में एक मोटरसाइकिल चाबी लगी हुई मिली थी, जिसे वह उठाकर ले गया और अपने घर में छिपा दिया था। पुलिस ने मोटरसाइकिल को विधिवत जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

