अशोकनगर: शादी का झांसा देकर अस्मत से खेलने वाला आरोपित गिरफ्तार
अशोकनगर, 15 जून (हिं.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के थाना सेहराई क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक गांव में मानवता और विश्वास को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने सोमवार को आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
युवती दिखाई हिम्मत:पुलिस के अनुसार, गांव के ही आरोपी रवि दास ने वर्ष 2024 से पीड़िता को शादी का प्रलोभन देकर पहले दोस्ती की गांठ बांधी और फिर उसकी मर्जी के खिलाफ लगातार शारीरिक संबंध बनाए। लगभग दो महीने पहले जब पीड़िता ने आरोपी रवि दास पर शादी करने का दबाव बनाया, तो आरोपी ने अपने सारे वादों से पल्ला झाड़ लिया और साफ इंकार कर दिया। धोखे और प्रताडऩा से टूट चुकी पीड़िता ने आखिरकार हिम्मत दिखाई और पूरी बात अपनी माता को बताई। इसके बाद 14 जून को थाना सेहराई पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।
एक्शन मोड में पुलिस, एसपी के निर्देश पर बिछा जाल
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने मामले को तत्काल संज्ञान में लिया और थाना प्रभारी सेहराई को आरोपी की अविलंब गिरफ्तारी के कड़े निर्देश दिए।
कैसे दबोचा गया आरोपी?
निर्देश मिलते ही सेहराई थाना प्रभारी ने तुरंत एक एक्टिव टीम का गठन किया। सोमवार को पुलिस टीम ने आरोपी के छिपने के हर संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी। जब वह भागने की फिराक में था, तभी तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसकी सटीक घेराबंदी की। परिणाम यह रहा कि पुलिस ने अपराध क्रमांक 133/2026 के आरोपी रवि दास को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

