घरेलू सहायिका पर एक करोड़ की ब्लैकमेलिंग का आरोप, हनीट्रैप मामले में महिला गिरफ्तार
अशोकनगर, 3 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर में कथित हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। पीएचई विभाग में कार्यरत एक युवक की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने तीन बच्चों की मां और पूर्व घरेलू सहायिका के खिलाफ एक करोड़ रुपये की कथित रंगदारी मांगने, निजी वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने और धमकी देने के आरोप में प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, शहर के वेदांत भवन निवासी 31 वर्षीय मोहित मांझी ने शिकायत में बताया कि आरोपित महिला उसके घर घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी। इस दौरान उसने अपनी आर्थिक और पारिवारिक परेशानियां बताकर सहानुभूति हासिल की। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसने कई बार महिला और उसके कहने पर उसके भाई-भाभी के खातों में भी आर्थिक मदद के रूप में राशि ट्रांसफर की।
शिकायत में कहा गया है कि बाद में दोनों के बीच व्यक्तिगत संबंध बने। इसी दौरान महिला ने कथित रूप से बिना जानकारी के उनके निजी वीडियो और ऑडियो रिकॉर्ड कर लिए। इसके बाद उसने व्हाट्सएप के माध्यम से वीडियो भेजकर उन्हें सार्वजनिक करने और दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देते हुए एक करोड़ रुपये की मांग शुरू कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि लगातार ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर उसे अपना निवास तक बदलना पड़ा, लेकिन महिला ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। शिकायत के अनुसार, 7 जून को आरोपित महिलाअपनी मां के साथ उसके घर पहुंची और उसकी पत्नी के साथ अभद्रता करते हुए पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस का कहना है कि शिकायतकर्ता ने व्हाट्सएप चैट, स्क्रीनशॉट, कॉल रिकॉर्डिंग, कॉल लॉग और बैंक लेनदेन से जुड़े दस्तावेज साक्ष्य के रूप में सौंपे हैं। प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपित महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों की तकनीकी जांच कर मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

