दो घंटे में सुलझी हत्या की गुत्थी, पांच नाबालिग पकड़े
नई दिल्ली, 11 जुलाई (हि.स.)। उत्तर पश्चिमी जिले के अशोक विहार इलाके में 34 वर्षीय युवक की चाकू से गोदकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने दो घंटे के भीतर वारदात का खुलासा करते हुए पांच नाबालिगों को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के पीछे की वजह क्या थी और वारदात की साजिश कैसे रची गई।
पुलिस के अनुसार, नौ जुलाई को अशोक विहार थाना पुलिस को पीसीआर के माध्यम से सूचना मिली कि प्रेमबाड़ी पुल से केशवपुरम की ओर जाने वाले मार्ग पर एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वहां युवक के सीने, पेट और हाथ-पैर पर चाकू के कई गहरे घाव मिले। उसकी हालत बेहद गंभीर थी। पुलिस तत्काल उसे दीपचंद बंधु अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बाद में मृतक की पहचान उद्यम सिंह पार्क, डब्ल्यूपीआईए निवासी बंसी लाल के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बाबू जगजीवन राम मेमोरियल (बीजेआरएम) अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया और स्वजन को घटना की जानकारी दी। घटनास्थल पर पुलिस को कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं मिला। इसके बावजूद जांच टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई और तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए। प्रारंभिक जांच में हत्या की पुष्टि होने पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
उत्तर पश्चिमी जिले की पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने शनिवार को बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल सभी पांच नाबालिग की पहचान कर उन्हें दबोच लिया। पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। हत्या के पीछे की असली वजह, आपसी रंजिश, विवाद या अन्य किसी कारण की गहन जांच की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

