home page

आसनसोल में युवक की पिटाई से मौत, हत्या का आरोप तीन लोगों पर

 | 
आसनसोल में युवक की पिटाई से मौत, हत्या का आरोप तीन लोगों पर


पश्चिम बर्दवान, 04 जुलाई (हि. स.)। आसनसोल दक्षिण थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 42 स्थित शुभंकर पाड़ा में एक विवाद सुलझाने गए युवक की कथित रूप से पिटाई के बाद मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अभिषेक ठाकुर के रूप में हुई है।

मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इलाके के जितेन मोदी, बाबू मोदी और अर्जुन मोदी ने अभिषेक ठाकुर के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिसके कारण उसकी जान चली गई। परिजनों का आरोप है कि यह कोई सामान्य झगड़ा नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश के तहत इस घटना को अंजाम दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, अभिषेक ठाकुर इलाके में चल रहे एक विवाद को सुलझाने के लिए गया था। इसी दौरान उसके साथ कथित रूप से मारपीट की गई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

युवक की मौत की खबर फैलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया। परिजनों ने आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। फिलहाल आसनसोल दक्षिण थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा