मंत्री अग्निमित्रा पाल के नाम पर 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप, एक गिरफ्तार
पश्चिम बर्दवान, 05 अगस्त (हि. स.)। आसनसोल में मंत्री अग्निमित्रा पाल के नाम पर 20 लाख रुपये की कथित रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। इस मामले में आसनसोल साउथ थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
बताया जा रहा है कि आरोपित ने मंत्री अग्निमित्रा पाल का नाम लेकर 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का प्रयास किया था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपित अकेले काम कर रहा था या उसके साथ कोई और भी इस साजिश में शामिल था।
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि राज्य में कानून का राज सर्वोपरि है और किसी भी व्यक्ति को राजनीतिक नाम का दुरुपयोग कर अपराध करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि दोषी चाहे किसी भी दल या पृष्ठभूमि का हो, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी राजनीतिक पहचान के आधार पर संरक्षण नहीं मिलेगा।
मंत्री ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और अपराध करने वालों के खिलाफ प्रशासन बिना किसी दबाव के कार्रवाई करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है। आरोपित की पृष्ठभूमि, उसके संपर्कों और रंगदारी मांगने के पीछे की मंशा की पड़ताल की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इस मामले में किसी बड़े गिरोह या अन्य लोगों की संलिप्तता तो नहीं है।
घटना के सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

