आसनसोल में पुलिस मुठभेड़ में घायल प्रताप दास का उजागर हुआ आपराधिक इतिहास
कोलकाता, 27 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के आसनसोल में पुलिस मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से घायल हुआ प्रताप दास (29) लंबे समय से कथित रूप से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। बचपन में चोरी के आरोप से शुरू हुआ उसका आपराधिक सफर कथित तौर पर लूट, छिनतई, डकैती, हत्या, गोलीबारी और धोखाधड़ी तक पहुंच गया। यहां तक कि बांंकुड़ा के एक तृणमूल कांग्रेस विधायक पर गोली चलाने के मामले में भी उसका नाम सामने आया था।
प्रताप दास हीरापुर के मदर टेरेसा कॉलोनी का निवासी है। वह अपनी पत्नी, मां और बहन के साथ रहता है। इलाके की गलियों से अच्छी तरह परिचित होने के कारण पुलिस पर गोली चलाने के बाद वह आसपास ही छिप गया था। पिछले बुधवार से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
शुक्रवार को सूचना के आधार पर पुलिस की एक टीम ने हीरापुर में अभियान चलाया। पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी शुरू की गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रताप एक मकान में पानी की टंकी के पीछे छिपा हुआ था। पुलिस के दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश करते ही उसने कथित तौर पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। इस दौरान प्रताप के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे आसनसोल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
मुठभेड़ के बाद प्रताप के पुराने आपराधिक इतिहास की चर्चा शुरू हो गई है। औद्योगिक नगरी आसनसोल में जन्मे और पले-बढ़े प्रताप ने स्थानीय रामकृष्ण मिशन प्राथमिक विद्यालय में पांचवीं कक्षा तक पढ़ाई की थी। इसके बाद उसने उपेन्द्रनाथ हाईस्कूल में दाखिला लिया। आरोप है कि स्कूल के पास स्थित एक किराना दुकान में चोरी करते हुए वह पकड़ा गया था। इसे ही उसके अपराध की दुनिया में प्रवेश की पहली घटना बताया जा रहा है।
इस मामले में उसे किशोर सुधार गृह भेजा गया था। कुछ वर्षों बाद वापस लौटने के बावजूद उसके व्यवहार में सुधार नहीं होने का आरोप है। बाद में उसने पढ़ाई छोड़ दी और कथित तौर पर चोरी तथा छिनतई की घटनाओं में शामिल हो गया।
वर्ष 2023 में एक पेट्रोल पंप पर गोली चलाने के आरोप में भी प्रताप को गिरफ्तार किया गया था। कुछ वर्ष जेल में बिताने के बाद बाहर आने पर उस पर फिर से आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लगे। एक वैवाहिक विज्ञापन वेबसाइट के माध्यम से धोखाधड़ी करने का आरोप भी उस पर है। इसी तरह के एक मामले में पिछले बुधवार को पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की थी।
बांंकुड़ा के एक तृणमूल विधायक को निशाना बनाकर गोली चलाने की घटना में भी प्रताप का नाम सामने आया था। इसके अलावा आसनसोल बाजार में उसे एक बार जाली नोटों के साथ पकड़े जाने की जानकारी भी सामने आई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रताप मोटरसाइकिल चलाने में काफी कुशल था। आरोप है कि कुछ घटनाओं में उसने स्वयं गोली चलाई, जबकि अन्य मामलों में शूटर को मोटरसाइकिल पर घटनास्थल तक पहुंचाने की भूमिका निभाई। जमीन की जालसाजी से जुड़े मामले में भी उसका नाम सामने आया है।
कुछ वर्ष पहले प्रताप की शादी नीतू दास से हुई थी। उसकी पत्नी के अनुसार, शादी के बाद से पुलिस उसे सात-आठ बार गिरफ्तार कर चुकी है और वह कई बार जमानत पर रिहा भी हुआ है। हालांकि, उसने पुलिस मुठभेड़ की घटना पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। प्रताप की मां रंजना दास ने भी इस मामले में कोई टिप्पणी नहीं की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

