home page

दादरी टोल पर दबंग वाहन चालकों ने तोड़ा बूम बैरियर,बालबाल बचे पुलिसकर्मी, मुकदमा दर्ज

 | 
दादरी टोल पर दबंग वाहन चालकों ने तोड़ा बूम बैरियर,बालबाल बचे पुलिसकर्मी, मुकदमा दर्ज


नोएडा, 05 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के नोयडा में थाना दादरी में लोहारली टोल प्लाजा के मैनेजर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आठ वाहन के चालक जोकि एक दबंग व्यक्ति के हैं वे लोग टोल प्लाजा पर बिना टोल शुल्क दिए अपने वाहनों को बूम बैरियर तोड़कर निकाल रहे हैं। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना दादरी के प्रभारी निरीक्षक नीरज मिश्रा ने बताया कि आज सुबह को दादरी टोल प्लाजा के मैनेजर रजनीकांत द्विवेदी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि आठ कमर्शियल वाहन जो की अमित भाटी निवासी ग्राम बील अकबरपुर तथा उनके सहयोगियों के हैं, ये लोग लगातार बिना टोल शुल्क अदा किए हुए जबरन बूम बैरियर तोड़कर वाहनों को निकाल रहे हैं। उनके अनुसार उनके द्वारा किए जा रहे अपराध के चलते भारत सरकार को राजस्व की निरंतर हानि हो रही है तथा टोल प्लाजा की संपत्ति एवं उपकरणों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। पीड़ित के अनुसार उनके विरुद्ध पूर्व में भी थाना दादरी पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई थी, लेकिन ये अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। आरोपितों ने तेजी व लापरवाही से बीती रात को वाहन चलाते हुए टोल प्लाजा के बूम बाजार को तोड़ दिया। इस घटना में टोल पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी बाल बाल बच्चे। इसकी संपूर्ण वीडियो रिकार्डिंग टोल प्लाजा पर लगे कैमरे में दर्ज हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी