home page

श्रावस्ती में कृषि विभाग का बाबू रिश्वत लेते पकड़ा गया

 | 
श्रावस्ती में कृषि विभाग का बाबू रिश्वत लेते पकड़ा गया


श्रावस्ती, 09 जुलाई (हि.स.)। एंटी करप्शन संगठन की गोंडा इकाई ने गुरुवार काे कृषि विभाग कार्यालय में छापेमारी कर बीज पटल पर तैनात कनिष्ठ लिपिक युगुल किशोर अवस्थी को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

शिवाजीपुरम निवासी अजय कुमार ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत करते हुए यह आरोप लगाया था कि बीज लाइसेंस बनवाने के नाम पर उनसे 5 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद एंटी करप्शन की ट्रैप टीम ने ट्रैप जाल बिछाया और जैसे ही आरोपित लिपिक ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपित युगुल किशोर अवस्थी सहसा जनपद बहराइच का रहने वाला है। वह हाल ही में बहराइच से स्थानांतरित होकर श्रावस्ती आया था और उसे बीज पटल का प्रभार सौंपा गया था। विभागीय सूत्रों के अनुसार, वह कई अन्य पटलों पर भी सक्रिय भूमिका निभा रहा था। गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन टीम, आरोपी को अपने साथ ले गई और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।

गौरतलब है कि श्रावस्ती कृषि विभाग में इससे पहले भी एक कर्मचारी के खिलाफ एंटी करप्शन की कार्रवाई हो चुकी है। अब दोबारा रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तारी होने से विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। लगातार सामने आ रहे भ्रष्टाचार के मामलों ने विभाग की छवि पर भी असर डाला है।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA