home page

राजगढ़ःखेतों से चंदन के पेड़ काटकर चोरी करने वाले दो आरोपित गिरफ्तार, नकदी व बाइक जब्त

 | 
राजगढ़ःखेतों से चंदन के पेड़ काटकर चोरी करने वाले दो आरोपित गिरफ्तार, नकदी व बाइक जब्त


राजगढ़, 25 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर खेतों की मेड़ पर लगे चंदन के पेड़ों को काटकर चोरी करने के मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक,लोहे की आरी और 1500 रुपए नकद जब्त किए गए है।

थाना प्रभारी कमलसिंह गहलोत ने मंगलवार को बताया कि 19 अगस्त को ग्राम शेखनपुर निवासी हेमराज (32) पुत्र मांगीलाल दांगी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 18 अगस्त की देर शाम खेत पर चंदन के पेड़ खड़े देखे थे। अगले दिन सुबह खेत पर पहुंचने पर मेड़ पर लगे चार चंदन के पेड़ों का सार गायब मिला साथ ही कुछ पेड़ काटकर भी नुकसान पहुंचाया गया । जांच में पता चला कि गांव में अन्य किसानों के चंदन के पेड़ों को भी बदमाशों ने निशाना बनाया। अलग-अलग किसानों के कई पेड़ काटे गए और कुछ पेड़ों का सार चोरी कर लिया गया। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ धारा 303(2), 324 (2) के तहत प्रकरण दर्ज किया। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम चतरूखेड़ी, थाना सारंगपुर निवासी इरशाद (35)पुत्र सरदार पठान और रईश (48)पुत्र छोटे पठान को हिरासत में लिया। पूछताछ पर आरोपितों ने चंदन के पेड काटकर चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक, आरी और नकद 1500 रुपए जब्त किए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक