राजगढ़ः झगड़ा की मांग को लेकर आग लगाकर नुकसान करने वाले आरोपित गिरफ्तार
राजगढ़, 06 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कोतवाली थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नातरा-झगड़ा प्रथा के तहत रुपयों की मांग और नही देने पर आग लगाकर 50 हजार का नुकसान करने वाले चार माह से फरार आरोपितों को राजस्थान के मनोहरथाना से हिरासत में लिया।
थानाप्रभारी मंजू मखेनिया ने सोमवार को बताया कि 1 दिसम्बर को ग्राम मोतीपुरा निवासी मांगीलाल तंवर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके खेत में रखे पशुओं का चारा और मक्का की कड़प में लालसिंह तंवर निवासी खानपुरिया तथा भंवरलाल तंवर निवासी खाती का पुरा (राजस्थान) ने आग लगा दी, जिससे लगभग 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ। घटना स्थल से एक पर्ची भी मिली, जिसमें नातरा झगड़ा प्रथा का उल्लेख था। पुलिस ने मामले में आरोपितों के खिलाफ धारा 308(5), 326(एफ), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान गठित टीम ने मुखबिरों की सूचना और सायबर सेल की सहायता से दोनों आरोपितों लालसिंह व भंवरलाल को मनोहर थाना, जिला झालावाड़ (राजस्थान) से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

