home page

राजगढ़ः साड़ी की दुकान में चोरी करने वाले दो आरोपित राजस्थान से गिरफ्तार

 | 
राजगढ़ः साड़ी की दुकान में चोरी करने वाले दो आरोपित राजस्थान से गिरफ्तार


राजगढ़, 11 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के छापीहेड़ा थाना पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर साड़ी की दुकान से चोरी करने वाले दो आरोपितों को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 21 साड़ियां, नकदी और वारदात में इस्तेमाल बाइक सहित करीब 56 हजार रुपए का मशरूका बरामद किया है।

थाना प्रभारी उमाशंकर मुकाती ने शनिवार को बताया कि 7 जुलाई को छापीहेड़ा निवासी विशाल (29) पुत्र रामप्रसाद कारपेंटर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी साड़ी की दुकान से अज्ञात बदमाश 21 साड़ियां और नकदी चोरी कर ले गए हैं। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया। विवेचना के दौरान पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल. बंजारे,एसडीओपी अरविंदसिंह राठौर के मार्गदर्शन में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो आरोपितों को हिरासत में लिया, जिनमें राजस्थान के झालावाड़ जिले के अकलेरा थाना क्षेत्र के ग्राम महुआखो निवासी बद्रीलाल (28) पुत्र मांगीलाल तंवर और बद्रीलाल (40) पुत्र कल्याण तंवर शामिल है। पूछताछ में आरोपितों ने चोरी करना स्वीकार किया और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने 21 साड़ियां, एक हजार रुपए नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की। आरोपितों के खिलाफ मध्यप्रदेश और राजस्थान में चोरी एवं आर्म्स एक्ट के कुल 18 से अधिक मामले दर्ज हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक