राजगढ़ः नातरा झगड़ा प्रथा के मामले में फरार आरोपित बाप-बेटा गिरफ्तार
राजगढ़, 21 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कोतवाली थाना पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर नातरा-झगड़ा प्रथा के तहत दस लाख रुपए की मांग और नहीं देने पर आग लगाकर नुकसान करने वाले आरोपित बाप-बेटा को हिरासत में लिया है।
थाना प्रभारी मंजू मखेनिया ने मंगलवार को बताया कि 15 अप्रैल को ग्राम दिलवारा निवासी रामसिंह पुत्र पन्नालाल तंवर, निवासी ग्राम दिलावरा, ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी पुत्री मनीषाबाई का विवाह तीन वर्ष पूर्व मांगीलाल तंवर से हुआ था, लेकिन पारिवारिक विवाद के चलते वह दो वर्षों से मायके में रह रही है। फरियादी के अनुसार, 13 अप्रैल की रात आरोपित मांगीलाल और उसके पिता घीसालाल उसके घर आए और नातरा झगड़े के रूप में 10 लाख रुपये की मांग की। मांग पूरी न होने पर उसी रात करीब 3 बजे दोनों आरोपितो ने पड़ोसियों के खेत में रखे भूसे में आग लगा दी और आगे और नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। पुलिस ने मामले में आरोपित बाप-बेटा के खिलाफ धारा 308(5), 326(एफ) बीएनएस में प्रकरण दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान वरिष्ठ अफसरों के मार्गदर्शन में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर दबिष देकर आरोपित मांगीलाल पुत्र घीसालाल तंवर और घीसालाल पुत्र नाथूलाल तंवर को हिरासत में लिया। प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

