राजगढ़ः अपहरण,मारपीट और लूट के मामले में मां-बेटा सहित तीन आरोपित गिरफ्तार
राजगढ़, 04 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की कोतवाली थाना पुलिस ने अपहरण, मारपीट और लूट के मामले में राजस्थान के मां-बेटे सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूट के 6200 रुपये नगद, रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त ईको कार जब्त की है।
थाना प्रभारी मंजू मखेनिया ने मंगलवार को बताया कि 30 जुलाई को ग्राम खजूरी निवासी 42 वर्षीय मेहरवासिंह पुत्र मानसिंह प्रजापति ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि जालपा माता पहाड़ी के नीचे राजगढ़-खिलचीपुर रोड पर दो पुरुष और एक महिला ने उसे जबरन ईको कार में बैठाकर अपहरण कर लिया। आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की और करीब 6500 रुपये नकद तथा मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 140 (3), 309(6) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर भोजपुर क्षेत्र में घेराबंदी कर स्लेटी रंग की ईको कार में सवार नंदलाल (39) पुत्र ओंकारलाल भील निवासी भालता राजस्थान और सूरज (19) पुत्र पप्पूलाल तंवर निवासी ग्राम खेरिया थाना रतलाई जिला झालावाड राजस्थान को पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों ने सुगनी बाई उर्फ सुगना (43) पत्नी पप्पूलाल तंवर के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने राजगढ़- ब्यावरा रोड स्थित देश प्रेमी ढाबे से महिला आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार क्रमांक आरजे 02 सीएफ 6648, 6200 रुपए नकद व एक रेडमी कंपनी का मोबाइल बरामद किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

