home page

राजगढ़ः ट्रेक्टर चोरी के मामले में तीन आरोपित गिरफ्तार, ट्रेक्टर और अल्टो कार जब्त

 | 
राजगढ़ः ट्रेक्टर चोरी के मामले में तीन आरोपित गिरफ्तार, ट्रेक्टर और अल्टो कार जब्त


राजगढ़, 26 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर थाना पुलिस ने ट्रेक्टर चोरी के मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से चोरी गया फार्माट्रेक ट्रेक्टर और वारदात में इस्तेमाल की गई एक अल्टो कार सहित करीब 7 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है। वहीं गिरोह का एक आरोपित अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

थाना प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को बताया कि 21 जुलाई की रात ग्राम हबीपुरा निवासी जगदीश दांगी के घर का मुख्य गेट का ताला तोड़कर अज्ञात बदमाश बाउंड्री के भीतर खड़ा फार्माट्रेक ट्रेक्टर चोरी कर ले गए थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने साइबर सेल की मदद से भोपाल, गुना, सीहोर और विदिशा जिलों में करीब 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पीछा करने के बाद पुलिस ने नजीराबाद क्षेत्र से गब्बर उर्फ जगदीश गुर्जर, लखपत गुर्जर और बाद में राजमोहन गुर्जर को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपितों ने खुलासा किया कि चार साथी अल्टो कार से हबीपुरा पहुंचे थे और ट्रेक्टर चोरी कर पहले नजीराबाद के जंगलों में छिपाया। पुलिस की घेराबंदी बढ़ने पर उसे घुरैल की पहाड़ी पर ले जाकर छिपा दिया, लेकिन आखिरकार पुलिस ने उन्हें धर दबोचा। मामले में फरार आरोपित अनिल गुर्जर की तलाश जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक