राजगढ़ में चोरी के दो मामलों का खुलासा, तीन आरोपित गिरफ्तार; पांच पानी की मोटर और बाइक बरामद
राजगढ़, 12 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में सुठालिया थाना पुलिस ने चोरी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी की गई पांच पानी की मोटर और एक बाइक बरामद की है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है।
थाना प्रभारी अनिल राहोरिया ने बुधवार को बताया कि ग्राम लक्ष्मणपुरा निवासी इंदरसिंह सौंधिया ने 10 अगस्त 2025 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि रात के समय अज्ञात बदमाश कुएं से पांच पानी की मोटर चोरी कर ले गए। पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
इसी तरह वार्ड क्रमांक 12 निवासी दीपक कुमार गुप्ता ने 26 जुलाई 2026 को बाइक चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी के अनुसार अज्ञात बदमाश रात में उसके घर के सामने खड़ी बाइक चोरी कर ले गए थे। पुलिस ने इस मामले में भी प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
दोनों मामलों की जांच के दौरान पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल बंजारे और एसडीओपी ब्यावरा प्रकाश शर्मा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने साइबर सेल की तकनीकी मदद और मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर चोरी की वारदातों से जुड़े संदिग्धों की जानकारी जुटाई।
जांच के आधार पर पुलिस ने जगदीश (22) पुत्र सालिगराम भील, निवासी लडियाखेड़ा, थाना जामनेर तथा मेहरवान सिंह (39) पुत्र प्रभूलाल भील को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उनके कब्जे से करीब 50 हजार रुपये कीमत की चोरी की गई पांच पानी की मोटर बरामद की गईं।
बाइक चोरी के मामले में पुलिस ने मंगू उर्फ मांगीलाल (19) पुत्र भारतसिंह भील, निवासी गोविंदपुरा, थाना मधुसूदनगढ़, जिला गुना को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से करीब 50 हजार रुपये कीमत की चोरी की गई बाइक बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में चोरी की गई संपत्ति की कुल कीमत करीब एक लाख रुपये है। कार्रवाई में थाना प्रभारी अनिल राहोरिया, सहायक उपनिरीक्षक जितेन्द्र भिलाला, हरनामसिंह, अशोक कटारिया, प्रधान आरक्षक श्याम शर्मा, महेश सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

