home page

नातरा-झगड़ा के नाम पर 12 लाख की मांग, फसल काटकर नुकसान पहुंचाने वाले तीन गिरफ्तार

 | 
नातरा-झगड़ा के नाम पर 12 लाख की मांग, फसल काटकर नुकसान पहुंचाने वाले तीन गिरफ्तार


राजगढ़, 08 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कालीपीठ थाना पुलिस ने नातरा-झगड़ा के नाम पर 12 लाख रुपये मांगने, रकम नहीं देने पर फसल काटकर नुकसान पहुंचाने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में पिता-पुत्र भी शामिल हैं। पुलिस ने पूछताछ के बाद तीनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

थाना प्रभारी जितेन्द्र अजनारे ने मंगलवार को बताया कि 17 अगस्त को फूलसिंह (60) पुत्र घीसालाल तंवर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार उनकी बेटी का विवाह करीब तीन वर्ष पहले ग्राम धनवास निवासी देवसिंह तंवर के साथ हुआ था। करीब डेढ़ वर्ष पहले मोटरसाइकिल चलाने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद बेटी अपने मायके लौट आई।

फूलसिंह ने आरोप लगाया कि इसके बाद देवसिंह तंवर, कुवानसिंह तंवर और पांचूलाल तंवर नातरा-झगड़ा के नाम पर परिवार से 12 लाख रुपये की मांग करने लगे। रकम नहीं देने पर आरोपितों ने गांव के प्रभुलाल तंवर के खेत में लगी मक्का की फसल काटकर नुकसान पहुंचाया। आरोप है कि आरोपितों ने धमकी दी कि यदि मांगी गई राशि नहीं दी गई तो इसी तरह फसल और अन्य नुकसान किया जाता रहेगा तथा जान से मार दिया जाएगा।

शिकायत के आधार पर कालीपीठ थाना पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(5) और 324(4) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.एल. बंजारे के मार्गदर्शन में आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर कुवानसिंह पुत्र बापूलाल तंवर, उसके बेटे देवसिंह तंवर निवासी धनवासकला तथा पांचूलाल पुत्र गंगाराम तंवर निवासी कोयला को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर तीनों को जेल भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक