राजगढ़ : चोरों की आहट से जागे ग्रामीण, संदिग्ध को रस्सी से बांधकर पुलिस को सौंपा
राजगढ़, 28 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर थाना क्षेत्र के बरखेड़ा गांव में सोमवार अलसुबह ग्रामीणों की सतर्कता से चोरी की आशंका में एक संदिग्ध युवक पकड़ा गया। उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। ग्रामीणों ने पकड़े गए युवक को रस्सी से बांधकर डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार पेट्रोल पंप के सामने शिव यादव के खेत में मकान बना हुआ है, जहां भैंसें बांधी जाती हैं। सोमवार तड़के करीब तीन संदिग्ध युवक मकान के आसपास दिखाई दिए। उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर ग्रामीणों को चोरी की आशंका हुई। उन्होंने शोर मचाकर युवकों का पीछा शुरू कर दिया।
ग्रामीणों के पीछा करने पर दो युवक अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले, जबकि एक युवक ग्रामीणों के हाथ लग गया। ग्रामीणों के मुताबिक पकड़ा गया युवक नसीरपुर गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। ग्रामीणों ने उसे रस्सी से बांधकर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक को अपने साथ थाने ले गई।
ब्यावरा शहर थाना प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि पकड़े गए युवक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस उसके साथियों के बारे में जानकारी जुटाने के साथ ही क्षेत्र में पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
कुछ दिन पहले बरखेड़ा गांव में दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आई थी। संजय यादव के घर का ताला तोड़कर अज्ञात बदमाश करीब तीन लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर ले गए थे। इस घटना के बाद से गांव में चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है। ऐसे में सोमवार अलसुबह तीन संदिग्ध युवकों के दिखाई देने और उनमें से एक के पकड़े जाने से गांव में चर्चा का माहौल है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

