home page

राजगढ़ः गणेश झांकी ड्यूटी में पुलिसकर्मी से मारपीट करने के मामले में छह गिरफ्तार, निकाला जुलूस

 | 
राजगढ़ः गणेश झांकी ड्यूटी में पुलिसकर्मी से मारपीट करने के मामले में छह गिरफ्तार, निकाला जुलूस


राजगढ़, 20 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कोतवाली थाना पुलिस टीम ने गणेश उत्सव के दौरान किला गेट पर ड्यूटी कर रहे प्रधान आरक्षक के साथ मारपीट कर उसकी जेब से नकदी और दस्तावेजों से भरा पर्स छीनने के मामले में छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपितों ने प्रधान आरक्षक के साथ गाली-गलौज कर शासकीय कार्य में बाधा डाली और मारपीट के दौरान उसकी वर्दी भी फाड़ दी। पुलिस ने सबक सिखाने के उद्देष्य में रविवार को शहर में जुलूस निकाला साथ ही आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में एक नाबालिग भी शामिल है, जिसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

थाना प्रभारी मंजू मखेनिया के अनुसार 19 सितंबर की रात प्रधान आरक्षक नंदकिशोर मीणा किला गेट स्थित मिश्रित आबादी झांकी पर शाम 6 बजे से रात 1 बजे तक फिक्स प्वाइंट ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ युवक दो बाइक पर तेज गति से चिल्लाते-हुड़दंग करते हुए किला गेट की ओर आ रहे हैं। नंदकिशोर ने उन्हें रोककर पूछताछ करने का प्रयास किया। कुछ देर बाद युवक दोबारा मौके पर पहुंचे और पुलिसकर्मी से विवाद करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोपितों ने उनकी वर्दी खींचकर फाड़ दी और उन्हें किला गेट से घूम घाटी की ओर खींचकर ले जाने का प्रयास किया। इसी दौरान जेब में रखे 5 हजार रुपए तथा पेंट की जेब में रखा पर्स छीन लिया। पर्स में 1 हजार रुपए के साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड, पुलिस आईडी सहित अन्य दस्तावेज थे।

घटना के बाद पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू की। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने पीछा किया, जहां भारतसिंह तंवर और अनारसिंह तंवर को बाइक से पकड़ लिया गया। इसके बाद ग्राम झंझाड़पुर के पास दुर्गम क्षेत्र में घेराबंदी कर चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मामले में भारतसिंह, अनारसिंह, ललित, कालू, राकेश और धर्मेंद्र तंवर को गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज किया। पुलिस के अनुसार भारतसिंह, धर्मेंद्र और राकेश के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक