राजगढ़ः भैंसें चोरी के मामले में 7 आरोपित गिरफ्तार, 13 लाख का मशरूका बरामद
राजगढ़, 12 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के बोड़ा थाना पुलिस ने तीन भैंसें चोरी करने वाले 7 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से भैंसें मय पाड़ा और वारदात में इस्तेमाल बोलेरो पिकअप वाहन बरामद किया है, जिसकी कुल कीमत करीब 13 लाख रुपये बताई गई है।
थाना प्रभारी देवेन्द्रसिंह राजपूत ने बुधवार को बताया कि 22 मई को ग्राम मंडावर निवासी रामचरण खाती ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 19-20 मई की रात अज्ञात बदमाश खेत पर बने मकान का ताला तोड़कर तीन भैंसें चोरी कर ले गए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने मंडावर, बोडा, पचोर, पीपल्यारसोड़ा और ब्यावरा क्षेत्र के करीब 250 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके अलावा घटनास्थल के आसपास सक्रिय करीब 100 मोबाइल नंबरों की तकनीकी जानकारी का विश्लेषण किया गया।
जांच के दौरान पूर्व में गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ में भैंस चोरी का सुराग मिला। आरोपितों ने बताया कि चोरी की भैंसों को बोलेरो पिकअप से पैंची तरफ ले जाकर बेच दिया था। पुलिस ने वाहन मालिक अजय योगी को पकड़ा। पूछताछ में उसने भी चोरी की भैंसें दीपक उर्फ दीपू कंजर को बेचने की जानकारी दी। पुलिस ने बीते रोज मुखबिर की सूचना पर पचोर हाट बाजार से दीपक उर्फ दीपू कंजर को तीन भैंस और पाड़े सहित पकड़ लिया।
पुलिस ने मामले में दुर्गेश पुत्र मनोहर कंजर, नीतेश पुत्र अलकारिया कंजर,आजाद पुत्र सीताराम कंजर,मन्नू पुत्र दिलीप कंजर, बसंत पुत्र सोहन कंजर सर्वनिवासी कंजरपुरा थाना पचोर,अजय पुत्र रमेशचंद्र योगी निवासी आंकखेड़ी थाना बोड़ा और दीपक उर्फ दीपू पुत्र भारतसिंह कंजर निवासी चाचैड़ा जिला गुना शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

