home page

राजगढ़ः भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष के अपहरण, डकैती और मारपीट के मामले में सात गिरफ्तार, 5.97 लाख का मशरूका बरामद

 | 
राजगढ़ः भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष के अपहरण, डकैती और मारपीट के मामले में सात गिरफ्तार, 5.97 लाख का मशरूका बरामद


राजगढ़, 15 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के कुरावर थाना पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज व मुखबिर की सूचना के आधार पर भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष के अपहरण, डकैती और मारपीट के मामले में सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 5.97 लाख रुपए कीमत का मषरुका बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने शुक्रवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष पर आयोजित प्रेसवार्ता में खुलासा करते हुए बताया कि फरियादी दीपक शर्मा, निवासी इंदिरा कॉलोनी राजगढ़, ने 12 मई को रिपोर्ट दर्ज कराई कि 10 मई को वे अपनी कार से भोपाल से राजगढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान तीज बड़ली और कुरावर के बीच एक महिला मंजू प्रजापति ने लिफ्ट मांगी। वाहन रुकते ही अचानक कुछ युवक कार में घुस आए और चाकू दिखाकर दीपक शर्मा को बंधक बना लिया। आरोपितों ने फरियादी से अंगूठी, पेंडल, राडो कंपनी की घड़ी, नगद राशि, एटीएम कार्ड, हस्ताक्षरित चेक एवं अन्य सामान लूट लिया। बाद में उन्हें सीहोर ले जाकर खाते से पैसे भी निकलवाए तथा जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ धारा 310(2), 140(3), 115(2), 351(3) बीएनएस,25 आम्र्स एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।

विवेचना के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल. बंजारे एवं एसडीओपी नरसिंहगढ़ मिनी शुक्ला के मार्गदर्शन में गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज व मुखबिर की सूचना के आधार पर सात आरोपितों को हिरासत में लिया, जिनमें देवा उर्फ देवराज पिता नारायण वंषकार, निवासी गांधी कॉलोनी सीहोर, रविंद्र जीत डग उर्फ काके पिता बलजीतसिंह, निवासी इंग्लिशपुरा सीहोर, अदनान पिता अफजल खान, निवासी ऑफिसर कॉलोनी सीहोर, कृष्णा यादव उर्फ बघीरा उर्फ सनी पिता सुरेश यादव, निवासी श्रीराम कॉलोनी सीहोर, तरुण पिता धर्मसिंह मेवाड़ा, निवासी चाणक्यपुरी सीहोर, रितिक पिता अशोक वाल्मीकि, निवासी वाल्मीकि नगर सीहोर और मंजू पत्नी दिनेश प्रजापति, निवासी कुम्हार मोहल्ला पुरा राजगढ़ शामिल है।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 67 हजार रुपए नकद, पासबुक, चेकबुक, डेबिट/एटीएम कार्ड, दो चेक, एक लाख 20 हजार रुपए कीमती राडो कंपनी की घड़ी, डेढ़ लाख रुपए कीमती चांदी का लॉकेट व अन्य दस्तावेज, धारदार हथियार, तीन लाख 60 हजार रुपए कीमती घटना में प्रयुक्त तीन वाहन जब्त किए, जिसकी कुल कीमत 5.97 लाख रुपए है। आरोपित रितिक के खिलाफ पूर्व में हत्या,मारपीट, धमकी एससीएसटी एक्ट वहीं कृष्णा यादव के खिलाफ मारपीट व धमकी के प्रकरण दर्ज है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक