राजगढ़ः किन्नर बनकर महिलाओं से लूट करने वाले चार आरोपित व एक बाल अपचारी गिरफ्तार
राजगढ़, 21 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कुरावर व नरसिंहगढ़ थाना पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए किन्नर का रुप धारण कर महिलाओं को धार्मिक अनुष्ठान, नजर उतारने और चमत्कारी शक्तियों का झांसा देकर सोने-चांदी के आभूषण ठगने और लूटने वाले अंतरजिला गिरोह के चार आरोपितों और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है।
आरोपितों के कब्जे से चोरी और लूट के सभी आभूषणों के साथ वारदात में इस्तेमाल की गई दो बाइकें भी बरामद की है, जिसकी कुल कीमत करीब 2.40 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने मंगलवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता में खुलासा करते हुए बताया कि 9 जुलाई को कुरावर निवासी नर्मदा बाई के घर दो व्यक्ति पहुंचे, जिनमें एक किन्नर के वेश में था। आरोपितों ने पति की शराब छुड़वाने और गर्भवती बेटी को पुत्र होने का झांसा देकर धार्मिक अनुष्ठान का बहाना बनाया। नजर उतारने के नाम पर महिला से सोने का मंगलसूत्र उतरवाकर लोटे में रखवाया और मौका मिलते ही करीब 50 हजार रुपए का मंगलसूत्र लेकर फरार हो गए। इसके बाद 18 जुलाई को नरसिंहगढ़ क्षेत्र के मूंडला बारोल गांव में जसोदा बाई को धार्मिक बातों में उलझाकर सोने के टॉप्स ठग लिए गए। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दोनों घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह सक्रिय था। पूछताछ में नरसिंहगढ़ थाना क्षेत्र के काछीपुरा गांव में हुई दो अन्य वारदातों का भी खुलासा हुआ,जहां महिलाओं को चमत्कारी शक्तियों का डर और लालच दिखाकर एक मामले में धोखाधड़ी तथा दूसरे में बलपूर्वक आभूषण लूटे गए थे।
पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की। विवेचना के दौरान पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल. बंजारे और एसडीओपी नरसिंहगढ़ प्रकाश शर्मा के मार्गदर्शन में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से गिरोह तक पहुंच बनाई। पुलिस ने मामले में मदनलाल पुत्र जगन्नाथ, रमेश नाथ पुत्र जगन्नाथ, हुकुम पुत्र जगन्नाथ निवासी दोराहा जिला सीहोर, ओमप्रकाश पुत्र गुलाबनाथ निवासी षुजालपुर और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से सोने का मंगलसूत्र,एक जोड़ी सोने के टॉप्स और वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपितों से अन्य जिलों में इसी तरह की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

